प्राचीन देश और उनके हिंदी नाम
हजारों साल पुरानी इस धरती का इतिहास और भूगोल समय के साथ-साथ बदलता रहा है। पृथ्वी पर मानव सभ्यता का आरम्भ कब हुआ, इस बात पर आज भी लोगों की अलग-अलग राय है। सभ्यताएँ शुरू हुई हैं, तो खत्म भी हुई हैं। कुछ देश बने हैं, तो कई गायब भी हुए हैं। कुछ के बारे में हम जानते है और कई से हम आज भी अनभिज्ञ हो सकते हैं, क्या पता?
पिछले एक लेख में हमने आपको भारत के कुछ शहरों के ऐतिहासिक नामों से परिचित कराया था। अब बारी है कुछ प्राचीन देशों के पुराने नामों से आपको रूबरू कराने की!
- भारत
शुरुआत करते हैं अपने ही देश से!
पुरातनविदों के अनुसार इसका इतिहास कम से कम 5 लाख वर्ष पुराना है , जहाँ आधुनिक मानव का आगमन लगभग 12000 साल पहले हुआ।
भारत का एक प्राचीन नाम भारतवर्ष था। भारतवर्ष का अर्थ है ‘भरत का क्षेत्र’। इसके अलावा भारतवर्ष को वैदिक काल से आर्यावर्त, अजनाभदेश के नाम से भी जाना जाता रहा है।
बहुत साल पहले भारत का एक मुँहबोला नाम ‘सोने की चिड़िया’ भी प्रचलित था। करीब 1255-1260 वर्ष पहले तक भारतवर्ष की सीमा में अफगानिस्तान, पाकिस्तान, नेपाल, तिब्बत, भूटान, बांग्लादेश, बर्मा, इंडोनेशिया, कंबोडिया, वियतनाम, मलेशिया, जावा, सुमात्रा, मालदीव और अन्य कई छोटे-बड़े क्षेत्र हुआ करते थे। अब इसे भारत और इंडिया, दो नामों से जानते हैं।
भारत के लगभग 25 से अधिक नाम रह चुके हैं।
- इटली
दुनिया के इतिहास में जिसे आज हम इटली के नाम से जानते हैं, उसे पहले रोम के नाम से जाना जाता था। इस देश का इतिहास 4500 वर्ष पुराना है। आधुनिक इटली का 1861 ई. में राज्य के रूप में गठित हुआ था। पहले यहाँ रोमन साम्राज्य का राज था और अलग-अलग स्थानों पर लैटिन और यूनानी भाषाएँ बोली जाती थीं।
इटली, यूनान के बाद यूरोप का दूसरा प्राचीनतम राष्ट्र है। रोम की सभ्यता और इटली का इतिहास – दोनों ही यूनान के प्राचीन वैभव तथा विकास के प्रतीक हैं।
- जर्मनी
डैन्यूब नदी के उत्तर में रहने वाले ‘बर्बर कबीलों’ वाले देशों को प्राचीन रोमन जर्मेनिया (Germania) कहा करते थे, जिसके नाम पर अंग्रेज़ी शब्द ‘Germany’ बना। इसका इतिहास 3000 वर्ष पुराना है। यह कबीले पुरानी जर्मन भाषा की बोलियाँ बोलते थे।
अब जर्मनी यूरोप महाद्वीप में स्थित एक देश है। इसकी उत्तरी सीमा पर उत्तरी समुद्र, डेनमार्क और बाल्टिक समुद्र, पूरब में पोलैंड और चेक गणराज्य, दक्षिण में आस्ट्रिया और स्विट्जरलैंड और पश्चिम में फ्रांस, लक्सेम्बर्ग, बेल्जियम और दि नीदरलैंड्स है। यह तानाशाह हिटलर का देश है, पर अब यहाँ स्थितियाँ काफी अलग हैं।
- फ्रांस
फ्रांस का प्राचीन नाम ‘गॉल’ था। यह यूरोप महाद्वीप का सबसे बड़ा देश है। इसके उत्तर में बेल्जियम, लक्ज़मबर्ग, पूर्व में जर्मनी, स्विट्जरलैण्ड, इटली, दक्षिण-पश्चिम में स्पेन, पश्चिम में अटलांटिक महासागर, दक्षिण में भूमध्यसागर और उत्तर-पश्चिम में इंग्लिश चैनल है। अर्थात इसके तीन ओर समुद्र है।
यहाँ पहले अनेक जंगली जनजातियों के लोग, मुख्य रूप से, केल्टिक लोग रहते थे। इसका इतिहास 2500 वर्ष पुराना है। 19वीं शताब्दी में नेपोलियन ने यहाँ की सत्ता हथिया कर पहले फ्रांसीसी साम्राज्य की स्थापना की। इसके बाद के नेपोलियन द्वारा लड़े गए युद्धों ने ही वर्तमान यूरोप महाद्वीप को आकार दिया।
- ब्रिटेन
ग्रेट ब्रिटेन अथवा ब्रिटेन यूरोप में स्थित एक द्वीप है। इसका इतिहास 2000 वर्ष पुराना है। यह उस संयुक्त राजशाही का सबसे बड़ा हिस्सा है, जिसमें इंग्लैंड, स्कॉटलैंड और वेल्स शामिल हैं। 1282 ई. में इग्लैंड ने वेल्स पर विजय प्राप्त की तथा 1707 ई. में स्कॉटलैंड विधानत: इंग्लैड में मिल गया। इन संयुक्त राज्यों का नाम तभी (1707 ई.) से ग्रेट ब्रिटेन पड़ गया। ग्रेट ब्रिटेन प्राचीन रोमन ब्रिटैनिया मेजर शब्द का अनुवाद है।
- इजिप्ट
मिस्र या इजिप्ट का इतिहास करीब 5000 वर्ष पुराना है। मिस्र की सभ्यता नील नदी के किनारे बसी है। प्राचीन म्रिस उत्तर में भूमध्य सागर, उत्तर पूर्व में गाजा पट्टी और इसराइल, पूर्व में लाल सागर, पश्चिम में लीबिया एवं दक्षिण में सूडान से घिरा हुआ था। यहाँ मौजूद गीजा का पिरामिड इस देश और शहर की प्राचीनता का प्रमाण और प्रतीक दोनों ही है। मिस्र अब आधिकारिक तौर पर एक गणराज्य है।
- ग्रीस
दक्षिण-पूर्वी यूरोप का देश ग्रीस, जिसे हम यूनान के नाम से भी जानते हैं, महान राजा सिंकदर का घर हुआ करता था। इसका पुराना नाम ग्रेसिया है। ग्रीस लगभग 7000 साल का इतिहास अपने आप में समेटे हुए है, लेकिन ईसा से 500 वर्ष पूर्व शुरू होने वाला दौर इसका उत्कृष्ट समय कहलाता है। यह दौर लगभग 150 वर्ष तक चला, जिसमें प्लेटो, सुकरात और अरस्तू, सोफोक्लीज जैसे चिंतक और लेखक हुए।
जो लोग सिकंदर और यूनान को जानते हैं, वो एथेंस को भी जानते होंगे। यूनान का यह शहर दुनिया के प्राचीन शहरों में से एक है।
अब आप बताइए… आप किन-किन देशों के पुराने नाम जानते हैं और किसका नाम आपको सबसे ज्यादा पसंद है?